टीम इंडिया के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार की लगभग चार साल बाद T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का इंतजार अब खत्म होता नजर आ रहा है। वेस्टइंडीज के खिलाफ 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होने वाले पांचवें और निर्णायक T20 मुकाबले के लिए भुवनेश्वर को भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया है।
दरअसल, चौथे T20 मुकाबले के दौरान अर्शदीप सिंह के कंधे पर चोट लगी थी। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने अनुभवी भुवनेश्वर कुमार को टीम में शामिल करने का फैसला किया।
भुवनेश्वर के लिए यह वापसी बेहद खास होने वाली है। 36 साल के इस गेंदबाज ने आखिरी बार भारत के लिए T20 इंटरनेशनल मुकाबला नवंबर 2022 में खेला था। इसके बाद शानदार घरेलू और IPL प्रदर्शन के दम पर उन्होंने एक बार फिर टीम इंडिया के दरवाजे पर दस्तक दी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या कल भुवनेश्वर कुमार सीधे प्लेइंग-XI में उतरेंगे?
BCCI के मुताबिक इसका अंतिम फैसला मैच से पहले किया जाएगा। यानी भुवी टीम में तो आ चुके हैं, लेकिन कल मैदान पर उनकी वापसी होगी या नहीं, इसका जवाब टॉस के आसपास ही मिल पाएगा।
भारत और वेस्टइंडीज की सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबर है, इसलिए पांचवां मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण है। अगर भुवनेश्वर को मौका मिलता है, तो उनके अनुभव और स्विंग गेंदबाजी पर सभी की नजरें रहेंगी।vv
चार साल बाद वापसी… अब सवाल सिर्फ इतना है—क्या कल फिर से भुवी की गेंद हवा में लहराएगी?
10