खड़गे के ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर बवाल, BJP भड़की, देशभर में प्रदर्शन

by Real Voice News

पटना से शुरू हुआ बयान अब सियासी घमासान में बदल गया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए ‘मोदी का बाप भी जाएगा’ बयान पर बीजेपी ने कड़ा विरोध जताया है। पटना में एक कार्यक्रम के दौरान खड़गे भाषण दे रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर टिप्पणी की। इसके जवाब में खड़गे ने यह बयान दिया, जिसके बाद कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई।
बयान सामने आते ही बीजेपी नेताओं ने इसे प्रधानमंत्री मोदी के दिवंगत पिता के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष पर निशाना साधा। बीजेपी ने खड़गे से माफी की मांग की और 26 अक्टूबर को देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया। दिल्ली समेत कई जगहों पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन भी किया।
मामला सिर्फ बयानबाजी तक सीमित नहीं रहा। बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस नेतृत्व पर राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने का दबाव बनाया, जबकि कांग्रेस की ओर से खड़गे के बयान को कार्यक्रम में हुई कथित बदसलूकी के संदर्भ में देखा गया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने भी कहा कि खड़गे के साथ कार्यक्रमों में बार-बार बदतमीजी की जा रही है।
अब इस पूरे विवाद ने एक बार फिर राजनीतिक भाषा और नेताओं के बयानों की मर्यादा को लेकर बहस छेड़ दी है। सवाल यही है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और कितना बढ़ता है और क्या इस पर दोनों दलों के बीच सियासी टकराव और तेज होगा।

You may also like