भोपाल। अगर आपका बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम बाकी है तो उसे समय रहते निपटा लीजिए, क्योंकि 3 दिसंबर 2026 को मध्य प्रदेश में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। बैंक कर्मचारी संगठनों ने आईडीबीआई बैंक के निजीकरण के विरोध में देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इस हड़ताल में मध्य प्रदेश के करीब 8 हजार बैंक कर्मचारी शामिल हो सकते हैं।
आखिर क्यों हो रही है बैंक हड़ताल?
दरअसल, केंद्र सरकार की ओर से आईडीबीआई बैंक की हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया को लेकर बैंक कर्मचारी संगठन नाराज हैं। कर्मचारियों का कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक का निजीकरण और विदेशी निवेशक को नियंत्रण सौंपने का फैसला बैंकिंग क्षेत्र के हित में नहीं है।
इसी फैसले के विरोध में ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) ने 3 दिसंबर को देशव्यापी हड़ताल का समर्थन किया है।
मध्य प्रदेश के इन बैंकों में पड़ सकता है असर
मध्य प्रदेश में करीब 8 हजार क्लर्क स्तर के कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की संभावना है। प्रदेश के कई प्रमुख सरकारी बैंकों में कामकाज प्रभावित हो सकता है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
– पंजाब नेशनल बैंक
– बैंक ऑफ बड़ौदा
– केनरा बैंक
– यूनियन बैंक ऑफ इंडिया
– बैंक ऑफ इंडिया
– इंडियन बैंक
– सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया
– इंडियन ओवरसीज बैंक
– यूको बैंक
– बैंक ऑफ महाराष्ट्र
– पंजाब एंड सिंध बैंक
ग्राहकों को हो सकती है परेशानी
हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद जमा, निकासी, चेक क्लीयरेंस और अन्य बैंकिंग कार्य प्रभावित होने की आशंका है। जिन ग्राहकों को बैंक में जाकर जरूरी काम करवाना है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे 3 दिसंबर से पहले ही अपने काम पूरे कर लें।
हालांकि ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसी डिजिटल सेवाओं के सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है, लेकिन संबंधित सेवाओं की स्थिति बैंक के अनुसार अलग हो सकती है।
बैंक कर्मचारी संगठनों की सरकार से क्या मांग है?
बैंक यूनियनों की मुख्य मांग है कि आईडीबीआई बैंक के निजीकरण और विदेशी निवेशक को नियंत्रण सौंपने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की सुरक्षा और उनके सरकारी स्वरूप को बनाए रखना जरूरी है।
अब देखना होगा कि 3 दिसंबर की इस हड़ताल का बैंकिंग सेवाओं पर कितना असर पड़ता है और क्या सरकार तथा बैंक कर्मचारी संगठनों के बीच कोई सहमति बन पाती है।