देवास। अमलतास विश्वविद्यालय में शुक्रवार 3 अप्रैल को विश्वविद्यालय का वार्षिक ‘दीक्षांत समारोह’ आयोजित होने जा रहा है। इस गौरवशाली उत्सव में भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री माननीय वीरेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम की विशिष्ट गरिमा बढ़ाने के लिए विशिष्ठ अतिथि माननीय जगदीश देवड़ा उप मुख्यमंत्री, मप्र कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग अध्यक्ष डॉ. खेमसिंह डेहरिया, देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, विधायक गायत्री राजे पंवार, विधायक मनोज चौधरी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
इस दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों, विशेषकर मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल सहित अन्य विभागों के स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए उपाधियां (Degrees) प्रदान की जाएंगी। कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अपनी पढ़ाई पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए यह पल उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि का गवाह बनेगा। मेधावी छात्रों को मुख्य अतिथियों द्वारा स्वर्ण पदक (Gold Medals) से भी नवाजा जाएगा।

अमलतास विश्वविद्यालय के चेयरमैन मयंक लराज सिंह भदौरिया ने बताया कि दीक्षांत समारोह का मुख्य उद्देश्य केवल उपाधि वितरण नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज के प्रति उनके उत्तरदायित्वों का बोध कराना है। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एवं कुलपति द्वारा विद्यार्थियों को ‘दीक्षांत शपथ’ दिलाई जाएगी, जिसमें वे अपनी अर्जित शिक्षा का उपयोग मानवता के कल्याण और राष्ट्र निर्माण में करने का संकल्प लेंगे।