भारत और न्यूजीलैंड के बीच चौथे T20 मुकाबले में ऐसा उलटफेर हुआ, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी। पहले तीन मुकाबले गंवाने के बाद न्यूजीलैंड ने चौथे मैच में जबरदस्त पलटवार करते हुए टीम इंडिया को 87 रन से हरा दिया। हालांकि भारत ने सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त पहले ही बना ली थी, लेकिन न्यूजीलैंड ने क्लीन स्वीप का सपना जरूर तोड़ दिया।
ऑकलैंड के ईडन पार्क में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 259 रन का पहाड़ खड़ा कर दिया। ग्लेन फिलिप्स ने तूफानी अंदाज में सिर्फ 49 गेंदों पर 107 रन ठोक दिए, जिसमें 10 छक्के शामिल रहे। माइकल ब्रेसवेल ने भी 25 गेंदों पर 65 रन की विस्फोटक पारी खेली। दोनों ने मिलकर 115 रन की साझेदारी कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं।
लक्ष्य था 260 रन और टीम इंडिया की शुरुआत ही लड़खड़ा गई। जैकब डफी ने पारी के पहले ही ओवर में संजू सैमसन और ईशान किशन को चलता कर भारत को बड़ा झटका दे दिया। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज दबाव से निकल नहीं सके।
भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 35 रन, नमन धीर ने 28 और अभिषेक शर्मा ने 27 रन बनाए, लेकिन बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए भारत को 20 ओवर में 9 विकेट पर 172 रन तक ही रोक दिया। जैकब डफी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने सीरीज में अपना खाता खोला, जबकि भारत अब भी 3-1 से आगे है। मुकाबले के हीरो ग्लेन फिलिप्स रहे, जिन्होंने बल्ले से ऐसी तबाही मचाई कि भारतीय गेंदबाजों के पास जवाब कम और परेशानियां ज्यादा नजर आईं।
अब दोनों टीमों की नजरें सीरीज के पांचवें और आखिरी T20I पर हैं। टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज खत्म करना चाहेगी, जबकि न्यूजीलैंड आखिरी मुकाबला जीतकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहेगा।
20