देवास में मां महालक्ष्मी का भव्य दरबार, 5 करोड़ के नोटों और गहनों से सजेगा मंदिर!

by Real Voice News
  • देवास में इस बार दीपावली पर मां महालक्ष्मी का दरबार कुछ ऐसा सजेगा कि देखने वालों की नजरें ठहर जाएंगी। मोती बंगला-शिवाजी नगर स्थित श्री योगमाया महालक्ष्मी मंदिर में करीब 5 करोड़ रुपये के नोटों और सोने-चांदी के आभूषणों से भव्य सजावट करने की तैयारी है।
    रतलाम के प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर की तर्ज पर होने वाले इस आयोजन में भक्तों के सहयोग से राशि एकत्र की जा रही है। पिछले वर्ष भी भक्तों ने उत्साह के साथ भाग लिया था और करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये की राशि जुटी थी। इसी उत्साह को देखते हुए इस बार लक्ष्य बढ़ाकर 5 करोड़ रुपये किया गया है।
    मंदिर की सजावट के लिए उज्जैन और रतलाम से कलाकार देवास पहुंचेंगे। धनतेरस से लेकर भाईदूज तक माता का यह विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
    खास बात यह है कि आयोजन में सहयोग देने वाले भक्तों को रसीद दी जाएगी और समिति के अनुसार अनुष्ठान पूरा होने के बाद भाईदूज के दिन सहयोग राशि वापस की जाएगी। राशि के साथ विशेष ‘कुबेर पोटली’ भी प्रसाद के रूप में देने की बात कही गई है।
    यानी इस दीपावली देवास में मां महालक्ष्मी का दरबार सिर्फ आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि अपनी भव्यता के कारण भी शहर में चर्चा का विषय बनने वाला है।
    आप भी बताइए—क्या आपने देवास में महालक्ष्मी मंदिर की ऐसी भव्य सजावट पहले देखी है?

You may also like