1
देवास। इंदौर रोड स्थित चौपाल सागर परिसर में तीन दिवसीय चौपाल महोत्सव आयोजित किया गया। महोत्सव में जहां किसानों के लिए रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं कृषि विशेषज्ञों ने खेती से जुड़ी जिज्ञासाओं का समाधान कर आधुनिक खेती की दिशा दिखाई। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी महोत्सव का शामिल होकर कृषि और करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
महोत्सव के दौरान किसानों के लिए रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर रेस, गायन एवं शक्ति प्रदर्शन जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। प्रतिभागियों के जोश और प्रदर्शन ने दर्शकों को तालियां बजाने पर मजबूर कर दिया।
किसान संगोष्ठी में मिली आधुनिक खेती की सीख-
किसान संगोष्ठी में कृषि विभाग के उप संचालक गोपेश पाठक ने सीड ट्रीटमेंट के महत्व, जैविक खेती की आवश्यकता तथा रासायनिक खाद के सीमित उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। किसानों ने खेती की लागत घटाने और उत्पादन बढ़ाने को लेकर कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान प्रस्तुत किया।
महिला सुरक्षा पर जागरूकता कार्यशाला-
महोत्सव में महिला सुरक्षा विषय पर भी विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। थाना प्रभारी मंजू यादव ने साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताते हुए कहा कि मोबाइल फ्रॉड की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। अनजान लिंक पर क्लिक न करने और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की सलाह दी।
करियर मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को दिशा-
कार्यक्रम में सैयद मकसूद अली ने विद्यार्थियों को विभिन्न करियर विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने का संदेश दिया।

गीत-संगीत व मिमिक्री ने बांधा समां-
शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकार धर्मेंद्र रैनिवाल ने मधुर गीतों से समां बांधा। मिमिक्री के माध्यम से फिल्मी कलाकारों के संवाद और वन्य जीवों की आवाज निकालकर उन्होंने उपस्थितजनों को रोमांचित किया।
प्रतियोगिताओं में दिखी रचनात्मकता-
ड्राइंग, रंगोली, डांस एवं सलाद कटिंग प्रतियोगिताओं में नन्ही बालिकाओं से लेकर महिलाओं तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आकर्षक रंगोलियों और प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
उत्कृष्ट किसानों का हुआ सम्मान-
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सैंधव, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल व अन्य अतिथियों ने औषधीय खेती के लिए कृषक जीवनसिंह, उन्नत आलू उत्पादन के लिए जगपाल सिंह सिकरवार, मिश्रित खेती के लिए धर्मेंद्र सिंह राजपूत तथा पशुपालन सखी समूह की बबीता परमार को सम्मानित किया।

चौपाल सागर मॉल इंचार्ज राकेश शर्मा ने कहा, कि चौपाल महोत्सव का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि किसानों और समाज को नई जानकारी, नई तकनीक और नई ऊर्जा से जोड़ना है। हमें गर्व है कि यह मंच किसानों, महिलाओं और विद्यार्थियों को एक साथ सीखने का अवसर दे रहा है। मप्र शासन से सम्मानित
किसान धर्मेंद्रसिंह राजपूत ने कहा, कि मिश्रित खेती अपनाकर लागत कम और आय अधिक की जा सकती है। यदि किसान नई तकनीक और जैविक पद्धति को अपनाएं तो खेती लाभ का सौदा बन सकती है। कार्यक्रम के आयोजन में प्रोजेक्ट लीडर संदीप बिरला, एरिया मैनेजर मनीष बी शाह, देवेंद्र सिंह राजपूत सहित अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।